अरियांव में किशोरी की हत्या: तीन नामजद, मुख्य आरोपी का पिता गिरफ्तार, हथियार के सुराग मिले

बक्सर लाईव । कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में 17 वर्षीय श्वेता कुमारी की हत्या मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। मृतका की मां रीमा देवी (पति राजेश उपाध्याय) के बयान पर दर्ज एफआईआर में गांव के प्रवीण उर्फ धनु उपाध्याय, उसके पिता परमहंस उपाध्याय और भाई प्रकाश उर्फ सोनू को आरोपी बनाया गया है।
एफआईआर के अनुसार, घटना दोपहर की है जब घर के दरवाजे पर दस्तक हुई। श्वेता दरवाजा खोलने गई, तभी पहले से घात लगाए खड़े प्रवीण उर्फ धनु ने पिस्तौल से उस पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर जब मां दूसरी बेटी के साथ बाहर पहुंचीं, तो उन्होंने आरोपी धनु और उसके पिता परमहंस को भागते हुए देखा। धनु के हाथ में पिस्तौल होने की बात कही गई है।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के पिता परमहंस उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है, जबकि अन्य दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। वहीं, आरोपियों के घर पर छापेमारी के दौरान नौ जिंदा कारतूस और एक अन्य खोखा भी मिला है। प्रारंभिक जांच में दोनों जगह से मिले खोखे एक ही हथियार से फायर किए जाने के प्रतीत हो रहे हैं।

मृतका की मां ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कुछ समय पूर्व आपसी विवाद को लेकर आरोपी पक्ष की ओर से धमकी दी गई थी। प्रकाश उर्फ सोनू घर पर आकर परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे चुका था।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Comments

Popular posts from this blog

बक्सर में अपराधियों के हौसले बुलंद: वासुदेवा ओपी थाना क्षेत्र में शौच करने गए व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार

हादसे में मिली दो लाशें, गंगा से बाहर निकली स्कॉर्पियो – पहचान को लेकर संशय बरकरार