बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार
गिरफ्तार महिला की पहचान नेहा उर्फ हीना (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसने सोशल मीडिया पर पिस्टल के साथ अपनी फोटो पोस्ट की थी। यह फोटो वायरल होकर सीधे पुलिस तक पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना प्रभारी ने टीम गठित कर कार्रवाई की।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोहनीपट्टी स्थित उसके किराए के मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान बिस्तर के नीचे छिपाकर रखे गए एक देशी पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में नेहा ने स्वीकार किया कि हथियार उसे उसके एक दोस्त ने दिया था। फिलहाल पुलिस उस दोस्त की तलाश में जुटी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, नेहा शादीशुदा है, लेकिन वर्तमान में अपने पति से अलग रहकर सोहनीपट्टी में किराए पर रह रही थी। पुलिस ने जब्त हथियार को सीज कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने बताया, “सोशल मीडिया पर वायरल फोटो के आधार पर कार्रवाई की गई। महिला के घर से एक देशी पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। हथियार कहां से आया और किस मकसद से रखा गया था, इसकी जांच की जा रही है। इसमें शामिल अन्य लोगों को भी जल्द ही चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।”
Comments
Post a Comment