जयमाल के मंच पर चली गोली: चौसा में दुल्हन को प्रेमी ने मारी गोली, शादी समारोह में मचा हड़कंप

बक्सर लाईव/चौसा। चौसा नगर पंचायत के मल्लाह टोली में मंगलवार की रात खुशियों का माहौल अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया। जयमाल की रस्म के दौरान मंच पर खड़ी दुल्हन को उसके कथित एकतरफा प्रेमी ने गोली मार दी। घटना के बाद शादी समारोह में भगदड़ मच गई और बारातियों व ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर से बारात चौसा आई थी। जयमाल की रस्म चल रही थी और दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मौजूद थे। तभी मुंह बांधे एक युवक अचानक मंच पर चढ़ा और दुल्हन आरती कुमारी (18 वर्ष), पिता नंद जी मल्लाह, को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही दुल्हन मंच पर ही गिर पड़ी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल दुल्हन को बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
घायल दुल्हन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गोली चलाने वाला युवक पड़ोस का दीनबंधु मल्लाह है। परिजनों के अनुसार आरोपी युवक एकतरफा प्रेम करता था और पहले भी शादी का विरोध जता चुका था।

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस प्रशासन ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Comments

Popular posts from this blog

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार

बक्सर की नई जिलाधिकारी बनीं आईएएस साहिला हीर — प्राथमिक शिक्षा निदेशक से मिली जिम्मेदारी