बक्सर में अपराधियों के हौसले बुलंद: वासुदेवा ओपी थाना क्षेत्र में शौच करने गए व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत
जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार अहले सुबह शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। रविवार सुबह लगभग 6 बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर उनका शव देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही वासुदेवा ओपी थानाध्यक्ष, डुमरांव के डीएसपी अफाक अख्तर एवं डुमरांव के विधायक अजीत कुशवाहा मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है।
इस हत्याकांड के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में इलाके में आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं और अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है।
बक्सर में अपराधियों के बेलगाम होते रवैए को लेकर आमजन के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भी चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है और जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
Comments
Post a Comment