बैंक से निकासी के बाद लूट की कोशिश नाकाम, दो गिरफ्तार; ₹99,500 बरामद

बक्सर लाइव। जिले में बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे व्यक्ति से लूट की कोशिश को पुलिस ने नाकाम करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार की गई।
जानकारी के मुताबिक, 22 अप्रैल 2026 को नंदन गांव (थाना डुमरांव) निवासी मनु कुमार गोंड ने शिकायत दर्ज कराई कि पंजाब नेशनल बैंक, डुमरांव शाखा से ₹1,00,000 निकालकर घर लौटने के दौरान छठिया पोखर के पास चार बाइक सवार अपराधियों ने उनका बैग छीन लिया। इसके बाद दो अन्य अपराधी उनके खाते से पैसे निकालने का प्रयास करने लगे।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डुमरांव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटनास्थल के पास से दो संदिग्धों को धर दबोचा, जबकि अन्य दो आरोपी फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर तिवारी (थाना रसलपुर, जिला छपरा) और सागर मिश्रा (थाना कोपा, जिला छपरा) के रूप में हुई है। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चोरी गए पैसे में से ₹99,500 नकद, एक पर्स, आधार व पैन कार्ड की फोटो कॉपी समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। यह बरामदगी पुराना भोजपुर फ्लाईओवर के समीप से की गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में डुमरांव थाना में मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बैंक से पैसे निकालने के बाद सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Comments

Popular posts from this blog

बक्सर में अपराधियों के हौसले बुलंद: वासुदेवा ओपी थाना क्षेत्र में शौच करने गए व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार

हादसे में मिली दो लाशें, गंगा से बाहर निकली स्कॉर्पियो – पहचान को लेकर संशय बरकरार