दरवाजे पर मौत की दस्तक: 15 वर्षीय किशोरी को गोली मारकर हत्या, गांव सहमा
बक्सर लाईव। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव में बुधवार की दोपहर उस वक्त मातम पसर गया, जब एक अज्ञात हमलावर ने घर का दरवाजा खोलने पहुंची किशोरी को गोली मार दी। घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते एक हंसती-खेलती जिंदगी खत्म हो गई।
मृतका श्वेता कुमारी (15 वर्ष), पिता बबलू उपाध्याय बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दोपहर में घर के सदस्य आराम कर रहे थे। इसी दौरान दरवाजे पर दस्तक हुई। जैसे ही श्वेता ने दरवाजा खोला, पहले से घात लगाए हमलावर ने उस पर फायरिंग कर दी।गोली लगते ही श्वेता ने जान बचाने के लिए अंदर की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन पीठ में लगी गोली ने उसे जमीन पर गिरा दिया। परिजन दौड़कर पहुंचे, मगर तब तक हमलावर फरार हो चुका था। गंभीर रूप से घायल श्वेता ने परिजनों के सामने ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार और थानाध्यक्ष रवि कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, वहीं फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद गांव में खौफ का माहौल है। ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है और लोग जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
Comments
Post a Comment