ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाला संगठित गिरोह पकड़ा गया, तीन आरोपी गिरफ्तार
बक्सर लाईव: बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में कृषि फीडर से जुड़े ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। डुमरांव थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी ट्रांसफार्मरों से तेल निकालकर बाजार में बेचने का काम करते थे, वहीं चोरी किए गए तेल को डीजल में मिलाकर भी अवैध रूप से खपाया जाता था।
डुमरांव के एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान सुरौंधा गांव के पास एक कृषि ट्रांसफार्मर के समीप संदिग्ध गतिविधि देखी गई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि एक युवक ट्रांसफार्मर पर चढ़कर उसका तेल निकाल रहा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अरियांव गांव निवासी संतोष कुमार उर्फ टुनटुन यादव (पिता – रामाधार यादव) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान संतोष ने ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाले गिरोह में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के एक अन्य सदस्य पंकज यादव (पिता – रामजी यादव), निवासी अरियांव, को लालगंज कड़वी इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की वारदात में इस्तेमाल होने वाले कई सामान बरामद किए हैं। इनमें एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक ई-रिक्शा तथा करीब ढाई लीटर ट्रांसफार्मर का तेल शामिल है। पुलिस के अनुसार जब्त मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा दोनों संतोष उर्फ टुनटुन यादव के नाम पर पंजीकृत बताए गए हैं।
जांच के दौरान पुलिस को एक ऐसे व्यक्ति की भी जानकारी मिली जो चोरी किए गए तेल को बाजार में बेचने का काम करता था। उसकी पहचान अरियांव गांव के चुन्नू साह (पिता – खेमराज साह) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक चुन्नू साह गिरोह से तेल खरीदकर अवैध तरीके से बाजार में खपाता था।
एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि इस मामले में गिरोह के कुछ अन्य सदस्यों की भी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
Comments
Post a Comment