चैती छठ को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी होगी, ई-रिक्शा के लिए बनेगा रूट प्लान : डीएम

बक्सर लाईव। आगामी चैती छठ पर्व को लेकर जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी गई है। मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में यातायात के एसओपी (SOP) से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि 24 और 25 मार्च को होने वाले चैती छठ पर्व के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यापक ट्रैफिक रूट चार्ट तैयार किया जाए। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी और यातायात उपाधीक्षक को संयुक्त रूप से योजना बनाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में शहर में तेजी से बढ़ रही ई-रिक्शा की संख्या और उससे उत्पन्न हो रही जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। डीएम ने जिला परिवहन पदाधिकारी और यातायात उपाधीक्षक को ई-रिक्शा चालकों के साथ बैठक कर उनके संचालन के लिए अलग-अलग रूट तय करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक रूट के लिए ई-रिक्शा पर कलर कोडिंग लागू करने को कहा गया, ताकि निर्धारित रंग वाले ई-रिक्शा उसी रूट पर संचालित हों और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
यातायात नियंत्रण को मजबूत बनाने के लिए गोलंबर के पास अतिरिक्त होमगार्ड जवानों की तैनाती करने का निर्देश भी दिया गया। इसके अलावा नगर परिषद क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी को हेल्पलाइन नंबर जारी करने तथा शहर में वेडिंग जोन और पार्किंग स्थल के लिए खाली जमीन चिन्हित कर जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को हटाने के लिए नियमित रूप से माइकिंग कराने को कहा गया।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सड़कों और स्कूलों के आसपास एक सप्ताह के भीतर आवश्यक साइनेज लगाए जाएं। वहीं ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि जिन सड़कों पर गड्ढे उभर आए हैं, उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही जहां आवश्यकता हो वहां स्पीड ब्रेकर बनाकर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Comments

Popular posts from this blog

बक्सर में अपराधियों के हौसले बुलंद: वासुदेवा ओपी थाना क्षेत्र में शौच करने गए व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार

हादसे में मिली दो लाशें, गंगा से बाहर निकली स्कॉर्पियो – पहचान को लेकर संशय बरकरार