वाहन जांच के दौरान ब्रह्मपुर में चौकीदार से मारपीट, छह गिरफ्तार

बक्सर लाईव: बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर चौराहे पर देर रात वाहन जांच के दौरान बारात में शामिल कुछ लोगों द्वारा दो चौकीदारों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में चौकीदार विनोद पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आशोक कुमार यादव भी जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस मामले में थानाध्यक्ष के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे ब्रह्मपुर चौराहे पर पुलिस द्वारा नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान आरा रोड की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही तीनों युवक घबरा गए और अपनी बाइक सड़क पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने बाइक को जब्त कर थाना भेज दिया। करीब आधे घंटे बाद 15 से 20 लोग चौराहे पर पहुंचे और जब्त मोटरसाइकिल के बारे में पूछताछ करने लगे। आरोप है कि बाइक नहीं मिलने पर नाराज लोगों ने चौकीदारों को घेरकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और मुक्कों से हमला कर दिया।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मारपीट कर रहे लोगों का पीछा कर छह आरोपितों को पकड़ लिया। गिरफ्तार लोगों में नमो नारायण यादव, सत्येंद्र उपाध्याय, अक्षय कुमार, ओमकेश यादव, अंकित कुमार और अखिलेश कुमार यादव शामिल हैं। पूछताछ में नमो नारायण यादव ने बताया कि उसके चचेरे भाई की शादी ब्रह्मपुर-आरा रोड स्थित एक मैरिज हॉल में हो रही थी और बारात प्रसौड़ा गांव से आई थी। बाइक के कागजात नहीं होने के कारण वे पुलिस जांच देखकर घबरा गए और वाहन छोड़कर भाग गए थे। बाद में बारात के अन्य लोगों के साथ बाइक लेने पहुंचे, जहां विवाद के बाद चौकीदारों से मारपीट हो गई। पुलिस ने इस मामले में कुछ अन्य लोगों को भी चिन्हित किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Comments

Popular posts from this blog

बक्सर में अपराधियों के हौसले बुलंद: वासुदेवा ओपी थाना क्षेत्र में शौच करने गए व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार

हादसे में मिली दो लाशें, गंगा से बाहर निकली स्कॉर्पियो – पहचान को लेकर संशय बरकरार