चैती छठ, महावीर पूजा और ईद को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे बजाने पर रहेगा प्रतिबंध

बक्सर लाईव: आगामी चैती छठ, महावीर पूजा और ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर के कार्यालय कक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) बक्सर ने की, जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), सभी थानों के थानाध्यक्ष, प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर तथा शांति समिति के सदस्य शामिल हुए।
बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाए जाएं, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। साथ ही त्योहारों के दौरान यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में महावीर पूजा के अवसर पर निकलने वाले जुलूस के मार्ग, जुलूस में शामिल लोगों की संख्या तथा आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में डीजे बजाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि महावीर पूजा के दौरान निकलने वाले जुलूस से संबंधित सभी जानकारी—जैसे आयोजन स्थल, जुलूस का मार्ग और संभावित भीड़—अति शीघ्र अनुमंडल कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तैयारी सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में मौजूद अधिकारियों और शांति समिति के सदस्यों ने भी पर्वों को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिया।

Comments

Popular posts from this blog

बक्सर में अपराधियों के हौसले बुलंद: वासुदेवा ओपी थाना क्षेत्र में शौच करने गए व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार

हादसे में मिली दो लाशें, गंगा से बाहर निकली स्कॉर्पियो – पहचान को लेकर संशय बरकरार