बक्सर में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: एसपी शुभम आर्य ने 62 पुलिसकर्मियों का किया तबादला

बक्सर लाईव। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा प्रशासनिक पारदर्शिता कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए एक साथ 62 पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। मंगलवार को जारी इस आदेश के बाद पूरे पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।

जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, वैसे पुलिस पदाधिकारी जो एक ही स्थान पर दो वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके थे या पूरा होने वाला था, उन्हें तत्काल प्रभाव से अन्य थानों और शाखाओं में पदस्थापित किया गया है। इस तबादले में पुलिस अवर निरीक्षक (SI) और सहायक अवर निरीक्षक (ASI) स्तर के अधिकारी शामिल हैं।

इस बड़े फेरबदल की जद में जिले के कई महत्वपूर्ण थाने आए हैं। इनमें नगर थाना, मुफस्सिल थाना, राजपुर थाना, धनसोई थाना, ब्रह्मपुर थाना और डुमरांव थाना समेत अन्य थाने शामिल हैं। कई अधिकारियों को एक थाने से दूसरे थाने भेजा गया है, जबकि कुछ को विभिन्न शाखाओं और इकाइयों में नई जिम्मेदारी दी गई है।

एसपी शुभम आर्य ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारी आदेश जारी होने के 24 घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान सुनिश्चित करेंगे। साथ ही संबंधित अधिकारियों को इसकी अनुपालन रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजने का भी निर्देश दिया गया है।

तबादला सूची में कई प्रमुख अधिकारियों के नाम शामिल हैं। नगर थाना से अवधेश यादव को ब्रह्मपुर थाना, प्रिया दत्ता को मुफस्सिल थाना तथा राजनारायण कुमार को चक्की थाना भेजा गया है। वहीं मुफस्सिल थाना से मुकेश कुमार-2 को नगर थाना तथा अमरेश कुमार रजक को ब्रह्मपुर थाना में पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा राजपुर थाना, धनसोई थाना, डुमरांव थाना, नया भोजपुर थाना, कोरानसराय थाना, बगेनगोला थाना, वासुदेवा थाना और अन्य थानों में भी बड़े पैमाने पर अधिकारियों की अदला-बदली की गई है।
एसपी द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि आदेश के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे संबंधित अधिकारियों को तत्काल विरमित करें ताकि नए स्थान पर समय पर योगदान हो सके।

पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस व्यापक फेरबदल से जिले में पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Comments

Popular posts from this blog

बक्सर में अपराधियों के हौसले बुलंद: वासुदेवा ओपी थाना क्षेत्र में शौच करने गए व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार

हादसे में मिली दो लाशें, गंगा से बाहर निकली स्कॉर्पियो – पहचान को लेकर संशय बरकरार