वीर कुंवर सिंह सेतु पर 28 लाख की विदेशी शराब बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार

बक्सर लाईव। बिहार–उत्तर प्रदेश की सीमा को जोड़ने वाले वीर कुंवर सिंह सेतु पर मंगलवार की अहले सुबह उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। जांच के दौरान कंबल के कतरन से लदे ट्रक के भीतर छिपाकर लाई जा रही 258 पेटी शराब जब्त की गई। इस मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्रवाई बिहार उत्पाद विभाग की टीम द्वारा नियमित जांच अभियान के दौरान की गई।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह करीब 3 से 3:30 बजे के बीच यूपी नंबर (UP 19 AT 3064) का एक ट्रक बिहार की सीमा में प्रवेश करता दिखाई दिया। उस समय चेक पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार अपनी टीम के साथ वाहनों की सघन जांच कर रहे थे। ट्रक कंबल के कतरन से भरा हुआ था, लेकिन शक के आधार पर जब उसकी गहन तलाशी ली गई तो उसके अंदर छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। इसके बाद मौके पर ही ट्रक को जब्त कर लिया गया और चालक को हिरासत में ले लिया गया।उत्पाद 

अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि ट्रक से कुल 258 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह शराब उत्तर प्रदेश के हरदोई से बिहार की राजधानी पटना में खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही थी। जब्त शराब चंडीगढ़ निर्मित बताई जा रही है, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 28 लाख रुपये है। बरामद शराब में ब्लू स्टार व्हिस्की 785 एमएल की 85 पेटी और इसी ब्रांड की 180 एमएल की 173 पेटी शामिल है। कुल मिलाकर लगभग 2259.720 लीटर शराब बरामद की गई है।इस मामले में गिरफ्तार चालक की पहचान शहजाद आलम के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गंगदासपुर गांव का निवासी बताया जा रहा है। उसके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि राज्य में लागू शराबबंदी कानून के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग की टीम भविष्य में भी इसी तरह सीमावर्ती इलाकों में सख्ती से कार्रवाई करती रहेगी।

Comments

Popular posts from this blog

बक्सर में अपराधियों के हौसले बुलंद: वासुदेवा ओपी थाना क्षेत्र में शौच करने गए व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार

हादसे में मिली दो लाशें, गंगा से बाहर निकली स्कॉर्पियो – पहचान को लेकर संशय बरकरार