नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपितों की कोर्ट में पेशी के दौरान हंगामा, मारपीट का वीडियो वायरल
बक्सर लाईव। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपित वीरेंद्र पाल और विकास पाल को मंगलवार को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद कोर्ट परिसर में अचानक तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। पेशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस दोनों आरोपितों को अपनी अभिरक्षा में न्यायालय परिसर से बाहर लेकर जा रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने दोनों को घेर लिया। इस दौरान आरोपितों के साथ मारपीट किए जाने और उन पर स्याही फेंकने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद कुछ देर के लिए कोर्ट परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने तत्काल दोनों आरोपितों को चारों ओर से सुरक्षा घेरे में ले लिया और भीड़ को पीछे हटाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस दोनों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर न्यायालय परिसर से बाहर ले गई और वाहन तक पहुंचाया। इसके बाद दोनों आरोपितों को आगे की न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया। घटना के बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं कि पुलिस अभिरक्षा में रहने के बावजूद भीड़ आरोपितों तक कैसे पहुंच गई।
वायरल वीडियो में मारपीट का दावा: घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति आरोपित की पिटाई कर रहा है। हालांकि, बक्सर टॉप न्यूज वायरल वीडियो और उसमें किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। पुलिस की ओर से घटना और वायरल वीडियो के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दोनों आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Comments
Post a Comment