10,790 लंबित ई-चालानों का होगा निपटारा, 11 सितंबर तक प्री-रजिस्ट्रेशन

बक्सर लाईव: जिले में 90 दिनों से अधिक समय से लंबित ई-चालानों के निपटारे के लिए “एक मुश्त यातायात चालान निपटान योजना-2026” के तहत प्री-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। यह अभियान 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के मद्देनजर शुरू किया गया है। जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार बक्सर में 90 दिनों से अधिक पुराने कुल 10,790 ई-चालान लंबित हैं। इनके निपटारे के लिए जिला परिवहन कार्यालय परिसर में विशेष सेवा काउंटर बनाया गया है। वाहन मालिक कार्यालय अवधि में पहुंचकर अपने लंबित चालानों के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। 

प्री-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 7 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जारी रहेगी। कार्यालय में पहुंचकर कई वाहन स्वामियों ने सोमवार को प्री-रजिस्ट्रेशन कराया और योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया शुरू की। प्रशासन के अनुसार राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से शमन के रूप में 90 दिनों से अधिक पुराने ई-चालानों का योजना के तहत निष्पादन किया जाएगा। इसके तहत पात्र वाहन मालिकों को चालान राशि में छूट अथवा संबंधित मामले के निपटारे का अवसर मिल सकता है। जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर जिला परिवहन कार्यालय पहुंचकर प्री-रजिस्ट्रेशन करा लें। प्रशासन का कहना है कि पहले से प्री-रजिस्ट्रेशन कराने का उद्देश्य राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन होने वाली भीड़ और अनावश्यक परेशानी को कम करना तथा अधिक से अधिक लंबित चालानों का सुगमता से निपटारा सुनिश्चित करना है।

Comments

Popular posts from this blog

जयमाल के मंच पर चली गोली: चौसा में दुल्हन को प्रेमी ने मारी गोली, शादी समारोह में मचा हड़कंप

बक्सर की नई जिलाधिकारी बनीं आईएएस साहिला हीर — प्राथमिक शिक्षा निदेशक से मिली जिम्मेदारी

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार