NH-922 पर दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत, दो घायल

बक्सर लाईव । राष्ट्रीय राजमार्ग-922 (NH-922) पर गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहपुर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सागर कुमार राम (18 वर्ष), पिता बीरेंद्र राम, निवासी ग्राम वीरपुर, शाहपुर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

वहीं दुर्घटना में घायल अमर कुमार यादव, पिता चुन्नीलाल यादव, निवासी हुलास टोला, शाहपुर की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल रघुनाथपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। जबकि तीसरे घायल मोहित कुमार, निवासी बनाही, को मामूली चोटें आईं। उपचार के बाद परिजन उन्हें अपने साथ घर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद मृतक के गांव वीरपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने NH-922 पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए यातायात सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने की मांग की है।

Comments

Popular posts from this blog

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार

जयमाल के मंच पर चली गोली: चौसा में दुल्हन को प्रेमी ने मारी गोली, शादी समारोह में मचा हड़कंप

बक्सर की नई जिलाधिकारी बनीं आईएएस साहिला हीर — प्राथमिक शिक्षा निदेशक से मिली जिम्मेदारी