बक्सर प्रशासन अलर्ट मोड में: श्रावणी मेला, बाढ़-सुखाड़ और NEET परीक्षा को लेकर डीएम-एसपी की बड़ी बैठक

बक्सर लाईव। आगामी श्रावणी मेला, संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति तथा NEET (UG) परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने की। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

बैठक की शुरुआत PNG गैस कनेक्शन परियोजना की समीक्षा से हुई। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि PESO से स्वीकृति मिलने के बाद डुमरांव अनुमंडल में जल्द ही PNG गैस की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। वहीं बक्सर अनुमंडल में PNG विस्तार के लिए जिला रेगुलेटरी स्टेशन की स्थापना संबंधी प्रस्ताव भेजने का निर्देश भी दिया गया।
श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर जोर
श्रावणी मेले की तैयारियों की समीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं पर विशेष चर्चा की गई। प्रशासन ने यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा शिविर और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

बाढ़ से निपटने की तैयारी, राहत शिविर और बचाव संसाधनों की समीक्षा :
मानसून के मद्देनजर संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए भी व्यापक समीक्षा की गई। डीएम ने जल संसाधन, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, पशुपालन और पीएचईडी विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। तटबंधों की स्थिति, राहत शिविरों की उपलब्धता, नावों एवं बचाव उपकरणों की व्यवस्था, राहत सामग्री का भंडारण और संचार तंत्र को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया।इसके साथ ही पंचायत स्तर पर बाढ़ राहत अनुश्रवण एवं निगरानी समितियों की बैठक शीघ्र आयोजित करने तथा संकटग्रस्त लोगों की पहचान कर राहत एवं बचाव दल गठित करने का निर्देश भी दिया गया।

सुखाड़ की आशंका पर भी प्रशासन सतर्क :
बैठक में कम वर्षा की स्थिति में उत्पन्न होने वाली संभावित सुखाड़ की समस्या पर भी चर्चा हुई। कृषि विभाग को किसानों के बीच वैकल्पिक फसल, सूखा-रोधी कृषि तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सिंचाई संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया गया। नगर निकायों को सभी नालों की तत्काल सफाई एवं उड़ाही कराने का निर्देश भी दिया गया।

NEET परीक्षा को लेकर सख्त निर्देश :
बैठक में जिले में आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, निर्बाध बिजली आपूर्ति और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर को यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला, बाढ़-सुखाड़ जैसी चुनौतियों और प्रतियोगी परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा, जनसुविधा और प्रभावी आपदा प्रबंधन उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Comments

Popular posts from this blog

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार

जयमाल के मंच पर चली गोली: चौसा में दुल्हन को प्रेमी ने मारी गोली, शादी समारोह में मचा हड़कंप

बक्सर की नई जिलाधिकारी बनीं आईएएस साहिला हीर — प्राथमिक शिक्षा निदेशक से मिली जिम्मेदारी