बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, डुमरांव और राजपुर से चार बाल श्रमिक मुक्त
बक्सर। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा जिला पदाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को जिले में बाल श्रम उन्मूलन अभियान चलाया गया। विशेष धावादल की कार्रवाई के दौरान डुमरांव और राजपुर प्रखंड क्षेत्रों से कुल चार बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया। अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी केसठ, चक्की, चौगाई, राजपुर, चौसा एवं इटाढ़ी के अलावा डुमरांव और धनसोई थाना की पुलिस टीम तथा स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सेवा संस्थान के सदस्य शामिल रहे।
मुक्त कराए गए सभी बाल श्रमिकों को आगे की कार्रवाई के लिए जिला बाल कल्याण समिति को सुपुर्द कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि दोषी नियोजकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, वहीं विमुक्त बाल श्रमिकों के पुनर्वास की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। श्रम विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में बाल श्रम के खिलाफ इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
Comments
Post a Comment