खेतों तक पहुंचेगा भरपूर पानी: डीएम साहिला ने नहरों का किया निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने और रिसाव रोकने के दिए निर्देश
बक्सर लाईव। खरीफ फसलों की सिंचाई व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला पदाधिकारी साहिला ने सोन नहर प्रमंडल के अंतर्गत संचालित नहरों का स्थलीय निरीक्षण कर सिंचाई के लिए उपलब्ध कराए जा रहे जल की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों को समय पर पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया कि भू-जल स्तर में लगातार हो रही कमी को देखते हुए नहरों के माध्यम से किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए तत्काल प्रभाव से विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सभी नहर शाखाओं में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बक्सर के 11 नंबर लख से लेकर जिले की सीमा स्थित सिकरौल तक नहर का अवलोकन किया। निरीक्षण में नहर में पर्याप्त जल प्रवाह पाया गया। इसके बावजूद उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के अंतर्गत आने वाली सभी नहर शाखाओं में सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के क्रम में नहर किनारे कई स्थानों पर अतिक्रमण भी पाया गया। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने शीघ्र अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही नहरों में कचरा फेंकने पर रोक लगाने तथा पहले से जमा कचरे की सफाई कराने के भी निर्देश दिए, ताकि जल प्रवाह बाधित न हो।
सिकरौल स्थित ठोरा नदी पर बने नहर पुल से पानी के रिसाव की शिकायत भी निरीक्षण के दौरान सामने आई। इस पर डीएम ने कार्यपालक अभियंता, सोन नहर प्रमंडल को तत्काल विभागीय उच्चाधिकारियों को अवगत कराने तथा अभियंताओं की टीम के साथ स्थल निरीक्षण कर रिसाव रोकने के लिए अविलंब आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, कार्यपालक अभियंता सोन नहर प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता गंगा पंप नहर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन का कहना है कि किसानों को समय पर सिंचाई जल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Comments
Post a Comment