मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट: डीएम-एसपी ने दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को दिया सख्त निर्देश
बक्सर लाईव। आगामी मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग कर परीक्षा संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ तैनात रहकर किसी भी प्रकार के कदाचार या अनियमितता को रोकना सुनिश्चित करें।
डीएम और एसपी ने अभ्यर्थियों की सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों और उसके आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा निर्धारित परीक्षा दिशानिर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी भ्रामक सूचना, अफवाह या फर्जी खबर फैलाने वाले तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहे।
ब्रीफिंग के दौरान उपस्थित सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, निष्पक्षता और सजगता के साथ करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन एवं बक्सर पुलिस ने दावा किया है कि मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन का लक्ष्य अभ्यर्थियों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराते हुए परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराना है।
Comments
Post a Comment