चोरों का कमाल: डुमरांव में पूरा मोबाइल टॉवर ही उड़ा ले गए, नेटवर्क नहीं तो टॉवर ही सही!
बक्सर लाईव/डुमरांव : चोरी की घटनाओं के बारे में आपने बहुत कुछ सुना होगा—कहीं बाइक चोरी हुई, कहीं ट्रांसफार्मर गायब हो गया, तो कहीं घर का सामान साफ हो गया। लेकिन बक्सर जिले के डुमरांव में चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया है, जिसने पुलिस के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरत में डाल दिया है। यहां चोरों ने पूरा का पूरा मोबाइल टॉवर ही गायब कर दिया। इतना ही नहीं, टॉवर के साथ लगा 15 केवीए का डीजल जनरेटर और अन्य तकनीकी उपकरण भी उखाड़कर ले गए।
मामला तब उजागर हुआ जब बंद पड़े मोबाइल टॉवर को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया के तहत कंपनी की टीम निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंची। वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। जिस स्थान पर करीब 40 मीटर ऊंचा टॉवर खड़ा था, वहां अब केवल खाली जगह बची थी। जांच में पता चला कि टॉवर, जनरेटर और अन्य उपकरण चोरी हो चुके हैं।
इस संबंध में जीटीएल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के भूमि एवं संचालन पदाधिकारी बैद्यनाथ ओझा ने डुमरांव थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि कंपनी का मोबाइल टॉवर डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-18 में हरेनाथ यादव की जमीन पर स्थापित था। तकनीकी कारणों से यह टॉवर पिछले कुछ वर्षों से बंद पड़ा था और इसे पुनः चालू करने की तैयारी चल रही थी।
कंपनी के अनुसार 2 जून को निरीक्षण के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि करीब 40 मीटर ऊंचा टॉवर, 15 केवीए क्षमता का डीजल जनरेटर और उससे जुड़े कई उपकरण मौके से गायब हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने बड़े ढांचे को काटकर, खोलकर और ले जाने में कई घंटे नहीं बल्कि संभवतः एक-दो दिन का समय लगा होगा, लेकिन किसी स्थानीय व्यक्ति को इसकी भनक तक नहीं लगी।
कंपनी ने अपने स्तर पर जांच-पड़ताल के बाद चोरी की पुष्टि की और आवश्यक विभागीय स्वीकृति प्राप्त कर थाने में आवेदन दिया। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अनोखी चोरी की घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग मजाक में कह रहे हैं कि जब नेटवर्क नहीं मिला तो चोर टॉवर ही लेकर चलते बने। वहीं पुलिस के सामने अब यह चुनौती है कि आखिर इतने बड़े मोबाइल टॉवर को किसने, कब और कैसे गायब कर दिया।
Comments
Post a Comment