तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, चालक गंभीर रूप से घायल
बक्सर लाईव: बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। हादसा चांद गांव के पास हुआ, जिसमें ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक प्रिंस दुबे, जो सिमरी थाना क्षेत्र के पाण्डेयपुर गांव के निवासी हैं, दलसागर से सीएनजी भरवाकर डुमरांव शिक्षकों को लाने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनके ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना पर नया भोजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ऑटो को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस इलाके में तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर गति नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नया भोजपुर ओपी प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार ट्रक चालक को पकड़ने के लिए कार्रवाई जारी है।
Comments
Post a Comment