रहस्यमय ढंग से युवक लापता, अपहरण की आशंका,जांच में जुटी पुलिस
बक्सर लाईव: बक्सर जिले के चक्की थाना क्षेत्र के चक्की पांडेय डेरा से एक युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिजनों ने युवक के अपहरण की आशंका जताई है।
मिली जानकारी के अनुसार, चक्की पांडेय डेरा निवासी मदन पांडेय का पुत्र श्रवण पांडेय मंगलवार की रात निर्माणाधीन कटरा की देखभाल के लिए एक झोपड़ी में सो रहा था। सुबह जब वह घर नहीं लौटा और उसका फोन रिसीव नहीं हुआ, तो परिजन उसे ढूंढने पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि उसका मोबाइल और चप्पल झोपड़ी के पास पड़े हैं, लेकिन श्रवण का कोई पता नहीं था।परिजनों ने आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
डुमरांव डीएसपी अफाक अख्तर अंसारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी संभावित पहलुओं पर काम किया जा रहा है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
युवक के लापता होने से परिजन चिंतित हैं और उन्होंने पुलिस से उसे जल्द से जल्द खोजने की अपील की है। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि मामले का जल्द उद्भेदन कर लिया जाएगा।
Comments
Post a Comment