बक्सर में एनएसयूआई ने निकाली 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' पदयात्रा, मोहन भागवत का पुतला फूंका
बक्सर लाईव : एनएसयूआई (भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन) की जिला इकाई ने गुरुवार को ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ पदयात्रा का आयोजन किया। यात्रा वीर कुंवर सिंह चौक से शुरू होकर ज्योति चौक और अंबेडकर चौक होते हुए कवलदह पोखरा स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर समाप्त हुई।
कार्यक्रम के दौरान अंबेडकर चौक पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के कथित अमर्यादित बयान के विरोध में उनका पुतला दहन किया गया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता एनएसयूआई जिला महासचिव दीपक राय ने की। मुख्य अतिथि के रूप में बिहार एनएसयूआई प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव रोहित राणा और बिहार एनएसयूआई प्रभारी सत्यम कुशवाहा मौजूद रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव अनुराग राज त्रिवेदी ने शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि यह पदयात्रा संविधान की रक्षा और महात्मा गांधी व डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की संविधान विरोधी नीतियों का विरोध करने और लोगों को जागरूक करने के लिए इस यात्रा को प्रखंड स्तर तक ले जाने की घोषणा की।
कार्यक्रम में उपस्थित लोग :
पदयात्रा में एनएसयूआई जिला महासचिव विशाल खरवार, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रभात कुमार, एनएसयूआई के मोनू चौबे, विनय ओझा, सुनील कुमार, विक्की आर्य, करण रजक समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
Comments
Post a Comment