खेत में करंट लगने से किसान की मौत, पिता गंभीर रूप से घायल, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
बक्सर लाईव: बासुदेवा थाना क्षेत्र के अतिमी गांव में सोमवार को खेत में दवा छिड़काव के दौरान करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान गणेश पासवान (45) के रूप में हुई है।
गणेश पासवान अपने खेत में गेहूं की फसल पर दवा का छिड़काव कर रहे थे। इस दौरान पास के टमाटर के खेत में पटवन के लिए बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आ गए। घटना की जानकारी खेत में मौजूद उनकी पुत्री ने घरवालों को दी। गणेश को बचाने के प्रयास में उनके पिता भी करंट की चपेट में आ गए।गंभीर रूप से घायल पिता को तुरंत सीएचसी नावानगर ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
ग्रामीणों का प्रदर्शन:
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने एनएच-120 डुमरांव-बिक्रमगंज मार्ग को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझा-बुझाकर जाम हटवाया और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
परिवार में शोक:
गणेश पासवान अपने पीछे पत्नी पुष्पा देवी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। घटना से परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Comments
Post a Comment