सड़क हादसे में राजमिस्त्री की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बक्सर लाईव। ब्रह्मपुर-रघुनाथपुर रोड पर रक्षा नगर के समीप सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में साइकिल सवार उमेश यादव (45) की दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया।
ट्रेन पकड़ने निकले थे उमेश यादव :
मिली जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी स्व. महेंद्र यादव के पुत्र उमेश यादव राजमिस्त्री का काम करते थे। वे रोजाना साइकिल से रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन जाते थे और मोकामा शटल पैसेंजर ट्रेन से मजदूरी के लिए जाया करते थे। सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे भी वे ट्रेन पकड़ने के लिए निकले थे।
रक्षा नगर कृषि फार्म के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। सुबह टहलने निकले स्थानीय युवकों और ग्रामीणों ने उन्हें गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा। डायल 112 की मदद से उन्हें रघुनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार में गहरा शोक, बड़ी बेटी की शादी थी तय :
घटना के बाद उमेश यादव की पत्नी फूलपतीया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके परिवार में दो पुत्र, मोहन कुमार और दीपक कुमार, तथा दो पुत्रियां, पूनम कुमारी और नेहा हैं। मृतक की बड़ी बेटी पूनम कुमारी की शादी अप्रैल में तय थी। इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
गांव में शोक, मुआवजे की मांग :
हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने मृतक के आश्रितों के लिए मुआवजे की मांग की है। ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि घटना को लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है।
- संवाददाता, बक्सर लाइव
Comments
Post a Comment