नववर्ष के दिन पार्टी के दौरान हुई हत्या का दो दिनों बाद हुआ खुलासा,आरोपी ने खुद थाने में किया समर्पण
बक्सर लाईव: बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र के भरखरा गांव में न्यू ईयर शराब पार्टी के दौरान एक युवक की हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान संजय पासवान के रूप में हुई है। हत्या का आरोप गांव के ही निवासी सर्वानंद उपाध्याय पर लगा है, जिसने पुलिस के सामने अपना अपराध कबूल कर लिया है।
घटना एक जनवरी की रात की है, जब न्यू ईयर जश्न के दौरान दोनों युवक लापता हो गए। संजय के परिजन दो दिनों तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर तीन जनवरी को पुलिस को सूचना दी।
सर्वानंद ने खुद थाने में समर्पण कर यह जानकारी दी कि संजय का शव उसके ही घर में पड़ा है। उसने बताया कि घर का दरवाजा बाहर से बंद है। शराब पार्टी के बाद दोनों के बीच मारपीट हुई थी। सर्वानंद की शराब के लत के कारण उसकी पत्नी उसे छोड़ कर मायके चली गई है। इस कारण उसके घर में कोई नहीं रहता है। मर्डर के बाद लाश 2 दिन तक उसके ही घर पर पड़ी रही।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा :
सदर डीएसपी धीरज कुमार ने घटनास्थल पर जांच के दौरान बताया कि संजय के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवक एक जनवरी से गायब थे। सर्वानंद के समर्पण के बाद हत्या का रहस्य उजागर हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सर्वानंद से पूछताछ की जा रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में हर पहलू की जांच कर रही है, ताकि न्याय सुनिश्चित हो सके।
Comments
Post a Comment