गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
बक्सर लाईव : 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह के सफल आयोजन के लिए जिला पदाधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक की। बैठक में समारोह से जुड़ी सभी तैयारियों की जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने सभी मार्गों की सफाई, लूज और लटके तारों की मरम्मत, चौक-चौराहों और प्रतिमा स्थलों की सफाई, तिरंगा लाइट लगाने, देशभक्ति गीत बजाने और झंडोतोलन के लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया। साथ ही गणतंत्र दिवस कार्यक्रम का लाइव स्ट्रीमिंग करने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों व कर्मियों के चयन पर जोर दिया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी को स्कूलों के छात्र-छात्राओं की टीम बनाकर राष्ट्रगान और प्रभात फेरी की तैयारी करने का निर्देश दिया गया। प्रभात फेरी में कक्षा 9 और उससे ऊपर के बच्चों को शामिल करने की बात कही गई। अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सिविल सर्जन को एंबुलेंस और चिकित्सा दल की व्यवस्था करने, नजारत उप समाहर्ता को प्रतिमा स्थलों पर माल्यार्पण की तैयारी और साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। महादलित टोलों में झंडोतोलन कार्यक्रम के लिए रोस्टर तैयार करने और संबंधित शिक्षकों व विकास मित्रों को जिम्मेदारी सौंपने का निर्देश दिया गया।
गणतंत्र दिवस पर विभिन्न विभागों जैसे उद्योग, कृषि, स्वास्थ्य, जीविका, परिवहन आदि की झांकी निकाली जाएगी। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी और जनसंपर्क पदाधिकारी को झांकी प्रदर्शन के लिए समन्वय करने का निर्देश दिया गया।
सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के बच्चों को परेड में शामिल करने की योजना बनाई गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और अपनी जिम्मेदारियों को सुनिश्चित किया।
Comments
Post a Comment