तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, एक युवक की दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

बक्सर लाईव: राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा-मोहनिया मुख्य पथ पर रामपुर मध्य विद्यालय के पास गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकरा गई, जिसमें 40 वर्षीय गौतम चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय गोविंद चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया है।
घटना के संदर्भ में प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक, बक्सर जिले के मिश्रवलिया गांव निवासी थे। मृतक गौतम चौधरी परशुराम चौधरी का पुत्र था और घायल गोविंद चौधरी बाला चौधरी का पुत्र है। दोनों बाइक से उत्तर प्रदेश के देवल गांव में रिश्तेदार के घर खिचड़ी पहुंचाने गए थे। लौटते समय रामपुर स्कूल के पास तेज रफ्तार के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर शीशम के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक उछलकर पेड़ की टहनी पर अटक गई, जबकि दोनों सवार सड़क पर दूर जाकर गिरे।
घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। उसी रास्ते से गुजर रहे गांव के एक अन्य युवक ने हादसे को देखा और शोर मचाया। इसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। घायल गोविंद ने अपनी पहचान बताई और हादसे की जानकारी दी।

सूचना पाकर राजपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष रौशन अली मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।

हादसे के बाद से क्षेत्र में घटना की चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस ने लोगों से सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।वही घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Comments

Popular posts from this blog

जयमाल के मंच पर चली गोली: चौसा में दुल्हन को प्रेमी ने मारी गोली, शादी समारोह में मचा हड़कंप

बक्सर की नई जिलाधिकारी बनीं आईएएस साहिला हीर — प्राथमिक शिक्षा निदेशक से मिली जिम्मेदारी

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार