नरबतपुर में आग से झोपड़ी जलकर राख, झोपड़ी में बाईक समेत अनाज जलकर हुआ खाक

बक्सर लाईव: बक्सर जिले के चौसा नगर पंचायत के नरबतपुर में अहले सुबह एक झोपड़ीनुमा घर में आग लगने से गरीब परिवार का सबकुछ जलकर राख हो गया। घटना में झोपड़ी में रखा अनाज, रोजमर्रा का सामान, और एक पुरानी बाइक जल गई। झोपड़ी में सो रही महिला सबिता देवी को स्थानीय लोगों ने किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला।आग इतनी भीषण थी कि इसे बुझाने के तमाम प्रयास नाकाम रहे। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि झोपड़ी के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से निकली चिंगारी इसकी वजह हो सकती है। घटना के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची।
वार्ड पार्षद अशोक सिंह ने बताया कि सबिता देवी, जो झोपड़ी में अकेली रहती हैं, घटना के समय सो रही थीं। आग की लपटें देख पड़ोसियों ने शोर मचाकर उन्हें बाहर निकाला। हालांकि, झोपड़ी और उसमें रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। आग के चलते क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली के जले हुए तार को मिस्त्री द्वारा ठीक कर आपूर्ति बहाल की गई।मुफस्सिल थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि आग बुझा ली गई है और कोई हताहत नहीं हुआ है। पीड़ित द्वारा आवेदन देने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
वार्ड पार्षद ने पीड़ित परिवार को सहायता के लिए चौसा के सीओ को सूचना दी है। बताया गया कि सबिता देवी का पति 10 वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण लापता है। सबिता देवी खेत में मजदूरी कर अपना गुजारा करती हैं और झोपड़ी में पुआल व अनाज रखा करती थीं। अब आग की इस घटना ने उनके सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।

Comments

Popular posts from this blog

जयमाल के मंच पर चली गोली: चौसा में दुल्हन को प्रेमी ने मारी गोली, शादी समारोह में मचा हड़कंप

बक्सर की नई जिलाधिकारी बनीं आईएएस साहिला हीर — प्राथमिक शिक्षा निदेशक से मिली जिम्मेदारी

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार