एनएच 922 पर ट्रेलर ने वृद्ध को रौंदा,आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
बक्सर-आरा नेशनल हाइवे (NH-922) पर सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक 74 वर्षीय व्यक्ति को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान औद्योगिक थाना क्षेत्र के पड़री गांव निवासी वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने हाइवे को जाम कर दिया।
उनका कहना था की यह घटना ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और लापरवाही से होने वाले हादसों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। हाइवे पर लगातार हो रहे एक्सीडेंट के बाद भी ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा है। साथ ही पीड़ित परिवार के मुआवजे की मांग पर अड़े हुए है। सूचना मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम को खाली कराने के प्रयास में जुट गए।
बताया जा रहा है कि वीरेंद्र सिंह पैदल रास्ते से गुजर रहे थे। इस दौरान एक ट्रेलर चालक ने वाहन को रिवर्स करते समय उन्हें देख नहीं पाया और ट्रक का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवे पर ट्रक और ट्रैक्टर खड़ा कर रास्ता जाम कर दिया। जाम की वजह से बक्सर से भोजपुर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि घटना के बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया है, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने लोगों को समझाने और जाम हटाने का प्रयास शुरू कर दिया है। परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए शव को उठाने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम हटाने की कोशिश की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और परिजनों की मांगों पर विचार किया जाएगा। फिलहाल जाम हटाने और यातायात सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।
Comments
Post a Comment