मोदी सरकार ने बक्सर के विकास की रखी नींव, 257 करोड़ की लागत से गंगा होंगी प्रदूषण मुक्त

बक्सर लाईव : केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने वाराणसी के तर्ज पर बक्सर के विकास का बड़ा कदम उठाते हुए गंगा को प्रदूषण मुक्त करने के लिए 257 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। बिहार भाजपा के प्रदेश महामंत्री और बक्सर लोकसभा क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि जब वह लोकसभा चुनाव लड़ रहे थे, तब बक्सर के लोगों से वादा किया था कि शहर का विकास वाराणसी की तर्ज पर करेंगे। अब इस वादे को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। नमामि गंगे परियोजना के तहत 50 एमएलडी (5 करोड़ लीटर) क्षमता के तीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और एक अतिरिक्त 1 एमएलडी क्षमता का प्रकृति आधारित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 8.68 किलोमीटर लंबा नाला चैनल, और तीन इंटरसेप्शन पंपिंग स्टेशनों के निर्माण की स्वीकृति मिली है।

गंगा प्रदूषण मुक्त और जलजमाव से मिलेगी राहत : 

श्री तिवारी ने बताया कि वर्तमान में बक्सर का सारा गंदा पानी गंगा में गिरता है, जिससे न केवल गंगा प्रदूषित हो रही है, बल्कि बारिश के दिनों में शहर में जलजमाव की समस्या भी उत्पन्न होती है। इस परियोजना के पूर्ण होने पर गंगा में गंदे पानी का प्रवाह बंद हो जाएगा और शहर को जलजमाव और गंदगी से राहत मिलेगी। यह  परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ गंगा अभियान को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
18 महीनों में होगा कार्य पूरा : 

उन्होंने बताया कि अगले तीन महीने में बुडको पटना द्वारा निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और उसके बाद परियोजना का कार्यारंभ होगा। इस कार्य को 18 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

पीएनजी कनेक्शन से बक्सर को मिलेगी नई सौगात :

इसके अलावा, बक्सर और डुमरांव के लोगों को मेट्रो सिटी के तर्ज पर पाइपलाइन के माध्यम से पीएनजी (प्राकृतिक गैस) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अगले दो वर्षों में 25,000 घरों को पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य है। उपभोक्ताओं को 1650, 3800 और 6500 रुपये की सुरक्षा राशि जमा करनी होगी, जो कनेक्शन सरेंडर करने पर वापस कर दी जाएगी। मिथिलेश तिवारी ने बताया कि पीएनजी गैस एलपीजी की तुलना में 20-25% सस्ती होगी।

बक्सर को विकास की नई दिशा : 

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बक्सर न केवल ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का शहर है, बल्कि यह लाखों श्रद्धालुओं का केंद्र भी है। मोदी सरकार की यह पहल अगले 15 वर्षों की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए अत्यंत प्रभावी साबित होगी।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विजय सिंह, राम विनोद राय, विंध्याचल पाठक, संजय सहाय, निर्भय राय, पूनम रविदास, इंदु देवी, उमाशंकर राय, अजय वर्मा और कतवारू सिंह सहित अन्य नेता भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा : 

श्री तिवारी ने यह भी जानकारी दी कि अगले महीने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बक्सर का दौरा करेंगे और शहर के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा करेंगे।

बक्सर के विकास की यह नई दिशा शहर को एक आधुनिक और स्वच्छ रूप देने के साथ-साथ गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Comments

Popular posts from this blog

जयमाल के मंच पर चली गोली: चौसा में दुल्हन को प्रेमी ने मारी गोली, शादी समारोह में मचा हड़कंप

बक्सर की नई जिलाधिकारी बनीं आईएएस साहिला हीर — प्राथमिक शिक्षा निदेशक से मिली जिम्मेदारी

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार