मकर संक्रांति महोत्सव 2025: तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे जिला पदाधिकारी
बक्सर लाईव: आगामी मकर संक्रांति महोत्सव 2025 के सफल आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए दिनांक 12 जनवरी 2025 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्री अंशुल अग्रवाल, ने सिपाही घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, समतलीकरण और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही, कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल को पेयजल के लिए टैंकर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश :
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी और प्रभारी पदाधिकारी, सामान्य शाखा को महोत्सव का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और अन्य गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने और क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई।
विधि व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम :
अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर सदर को कार्यक्रम के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया। साथ ही, गंगा नदी में नाव और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
विशेष आयोजन और मनोरंजन गतिविधियां :
जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, अधीक्षक मंडल कारा, और जिला कृषि पदाधिकारी को पतंगबाजी, हैंडीक्राफ्ट और व्यंजन प्रदर्शनी जैसी गतिविधियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा को आम जनता के लिए मनोरंजक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम की सफलता के लिए सख्त निर्देश :
सभी अधिकारियों को उनके दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम की निगरानी और वरीय प्रभार की जिम्मेदारी उप विकास आयुक्त को सौंपी गई।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, नजारत उप समाहर्ता, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने और महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।
Comments
Post a Comment