सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप,शिकायत पर विधायक ने लगाई फटकार

बक्सर लाईव: बक्सर जिले के राजपुर स्थित बंदोबस्त कार्यालय में सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी दीपक बरनवाल पर भ्रष्टाचार और जबरन वसूली के आरोपों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कार्यालय में कार्यरत अमीन, कानूनगो और अन्य कर्मियों ने एकजुट होकर दीपक बरनवाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।कर्मियों ने राजपुर के विधायक विश्वनाथ राम से मिलकर शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी दीपक बरनवाल द्वारा रैयतों से जबरन "नजराना" वसूली करने का फरमान जारी किया गया है। कर्मियों का दावा है कि जब उन्होंने इस अवैध कार्य में सहयोग करने से इनकार किया, तो उनके खिलाफ प्रतिशोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

विधायक ने लिया संज्ञान

शिकायत मिलने के बाद राजपुर विधायक विश्वनाथ राम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत बंदोबस्त पदाधिकारी दीपक बरनवाल से मुलाकात की। उन्होंने आरोपों की सच्चाई जानने का प्रयास करते हुए दीपक बरनवाल को कड़ी फटकार लगाई और मामले की जांच के लिए इसे वरीय अधिकारियों तक ले जाने का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा, "किसी भी तरह की अवैध वसूली और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"

पदाधिकारी ने आरोपों को नकारा

हालंकि दूसरी ओर, सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी दीपक बरनवाल ने सभी आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने कहा कि कार्यालय के कई कर्मी नियमित रूप से देरी से आते हैं और काम में लापरवाही करते हैं। जब उनकी हाजिरी काटी जाती है, तो वे मुझ पर आरोप लगाने लगते हैं।
मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। कार्यालय में चल रही गुटबाजी और कर्मियों का एक स्वर में शिकायत करना कई सवाल खड़े कर रहा है। 


मौके पर उपस्थित व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार शुक्ला उर्फ रुना शुक्ला, राजद प्रखंड अध्यक्ष उमेश यादव, और पूर्व मुखिया लालसहब सिंह ने भी मामले को गंभीरता से लेने की बात कही है।फिलहाल, विधायक और स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यदि आरोप सिद्ध होते हैं, तो सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

Comments

Popular posts from this blog

जयमाल के मंच पर चली गोली: चौसा में दुल्हन को प्रेमी ने मारी गोली, शादी समारोह में मचा हड़कंप

बक्सर की नई जिलाधिकारी बनीं आईएएस साहिला हीर — प्राथमिक शिक्षा निदेशक से मिली जिम्मेदारी

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार