ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहन जांच के दौरान चोरी की बाइक बरामद, पुलिस को चकमा देकर चोर फरार,
बक्सर लाईव: बक्सर ट्रैफिक पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान चोरी की एक बाइक बरामद की, लेकिन बाइक चोर पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। घटना वीर कुंवर सिंह चौक की है, जहां नियमित वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोका गया। जब उससे वाहन के दस्तावेज मांगे गए, तो वह कागज लाने के बहाने बाइक छोड़कर भाग निकला।
बाइक के नंबर की जांच करने पर खुलासा हुआ कि यह वाहन अक्टूबर 2024 में सिमरी थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। बाइक मालिक काजीपुर निवासी विक्की गोड ने 14 अक्टूबर को इसकी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि दुर्गापूजा मेले के दौरान उनकी और उनके दोस्तों की तीन बाइक गायब हो गई थीं।
ट्रैफिक प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि जिले भर में चौक-चौराहों पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। फरार चोर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आरोपी की गिरफ्तारी से अन्य चोरी हुई बाइकों का भी खुलासा हो सकता है।
चोरी की बाइक बरामद होने की जानकारी विक्की गोड को दे दी गई है। बाइक को कोर्ट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मालिक को सौंपा जाएगा।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वाहन जांच के दौरान सही दस्तावेज साथ रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
Comments
Post a Comment