बाबा साहब का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान,राजपुर विधायक विश्वनाथ राम का भाजपा पर तीखा प्रहार,होगा आंदोलन
बक्सर लाईव:बक्सर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति भाजपा नेता अमित शाह की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर देशभर में गुस्सा फूट रहा है। इस कड़ी में बक्सर जिले के राजपुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी ने विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया। स्थानीय विधायक विश्वनाथ राम ने नाथपुर गांव में बाबा साहब की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अपनी नाराजगी जाहिर की।
राजपुर विधायक ने कहा, “देश के सबसे बड़े लोकतांत्रिक मंदिर संसद में भाजपा नेता अमित शाह द्वारा बाबा साहब के खिलाफ की गई टिप्पणी न केवल उनके प्रति, बल्कि देश के करोड़ों लोगों के अरमानों के खिलाफ है। बाबा साहब हमारे देश के संविधान निर्माता और सामाजिक न्याय के प्रतीक हैं। उनके प्रति इस तरह का व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
विधायक ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी हमेशा से दलित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों पर हमला करती रही है। उन्होंने कहा, “आज बाबा साहब की प्रतिमा के सामने खड़े होकर यह संकल्प लेते हैं कि हम उनके आदर्शों और विचारधारा की रक्षा के लिए हरसंभव संघर्ष करेंगे। बाबा साहब का अपमान पूरे देश का अपमान है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा।”
राज्यव्यापी कांग्रेस आंदोलन का हिस्सा
राजपुर विधायक विश्वनाथ राम ने इस अवसर पर राज्यव्यापी कांग्रेस आंदोलन के तहत भाजपा की नीतियों और कथित असंवेदनशीलता की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के अपमान के खिलाफ यह आंदोलन केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि पूरे समाज का आंदोलन है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक ने केंद्र सरकार से अमित शाह की टिप्पणी पर सार्वजनिक माफी मांगने और बाबा साहब के प्रति सम्मान व्यक्त करने की मांग की। उन्होंने जनता से अपील की कि वे बाबा साहब के आदर्शों की रक्षा के लिए आगे आएं और इस मुद्दे पर एकजुटता दिखाएं।
राजपुर में इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और विरोध के साथ यह संदेश दिया गया कि उनके अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Comments
Post a Comment