गजब हुआ ! अतिक्रमण के दौरान टूटी बैंक की सीढ़ियां,बैंक स्टाफ और ग्राहक को जेसीबी से निकाला गया बाहर

बक्सर लाईव:बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड क्षेत्र के नियाजीपुर बाजार में गुरुवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय प्रशासन द्वारा सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाते समय दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा की सीढ़ियां तोड़ दी गईं, जिसके कारण बैंक के पहले फ्लोर पर मौजूद ग्राहक और बैंककर्मी अंदर फंस गए।सूचना मिलते ही आनन-फानन में प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद बैंक आने वाले अन्य ग्राहकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। शाम तक बैंककर्मी अस्थायी सीढ़ियों की मदद से बाहर निकल सके।

अतिक्रमणकारियों को पहले मिला था नोटिस

प्रशासन की मानें तो अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई के लिए पहले ही नोटिस जारी कर दिया गया था। बावजूद इसके, स्थानीय लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी था, क्योंकि बाजार क्षेत्र में अवैध निर्माणों की वजह से सड़क निर्माण में बाधा आ रही थी। संवेदक की ओर से इस समस्या की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया।

शांतिपूर्ण कार्रवाई, भारी पुलिस बल रहा मौजूद

अतिक्रमण हटाने के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस बल की उपस्थिति में स्थिति नियंत्रण में रही। एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी, बीडीओ शशिकांत शर्मा, सीओ भगवती शरण पांडेय सहित तीन थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

सड़क निर्माण के लिए व्यापक योजना

विभागीय सूत्रों के अनुसार, आशा पड़री से बक्सर-कोइलवर तटबंध तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इस परियोजना में नाली निर्माण भी शामिल है, ताकि लोगों को सड़क और जल निकासी की सुविधा मिल सके।इस कार्रवाई के बाद नियाजीपुर बाजार में हलचल मच गई। स्थानीय लोग अस्थायी अतिक्रमण हटाने में खुद ही जुट गए। प्रशासन की इस सख्ती से यह संदेश गया कि सड़क निर्माण कार्य में बाधा डालने वाले किसी भी अतिक्रमण को बख्शा नहीं जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

जयमाल के मंच पर चली गोली: चौसा में दुल्हन को प्रेमी ने मारी गोली, शादी समारोह में मचा हड़कंप

बक्सर की नई जिलाधिकारी बनीं आईएएस साहिला हीर — प्राथमिक शिक्षा निदेशक से मिली जिम्मेदारी

बक्सर में सोशल मीडिया पर पिस्टल संग फोटो वायरल करने वाली महिला गिरफ्तार