जमीन विवाद में भाई बना भाई का कातिल, गड़ासे से हमला कर ली जान, पत्नी-बेटा घायल
बक्सर लाईव: जिले के मुरार थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजरिया गांव में रविवार को जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई पर गड़ासे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना में मृतक की पत्नी और पुत्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंजरिया गांव निवासी अक्षयबर यादव (50 वर्ष) और उनके छोटे भाई कृष्णा यादव (35 वर्ष) के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार की सुबह यह विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब अक्षयबर यादव की पत्नी मीना देवी घर के आंगन में चूल्हा साफ कर रही थीं। इसी दौरान कृष्णा यादव वहां पहुंचे और चूल्हा तोड़ते हुए गाली-गलौज करने लगे। उनका आरोप था कि चूल्हा उनके हिस्से की जमीन पर बना हुआ है।
शोर-शराबा सुनकर अक्षयबर यादव मौके पर पहुंचे और छोटे भाई को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ गया। इसी दौरान कृष्णा यादव ने पास में रखे गड़ासे से बड़े भाई पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अक्षयबर यादव के दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत बिगड़ गई।
पति को बचाने पहुंची मीना देवी और पुत्र विकास कुमार (18 वर्ष) पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। इस हमले में मीना देवी के हाथ में गहरे जख्म आए, जबकि विकास कुमार के गर्दन के पास गंभीर चोट लगी है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले चौगाई और फिर सदर अस्पताल बक्सर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अक्षयबर यादव को मृत घोषित कर दिया। घायल मां-बेटे का इलाज जारी है।
बताया जाता है कि दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से तनाव था। आरोपी कृष्णा यादव पूर्व में दादी से तीन कट्ठा जमीन अपने नाम करा चुके थे, जिसके बाद से पारिवारिक विवाद और बढ़ गया था। इस मामले को लेकर कई बार थाने में शिकायत भी हुई, लेकिन हर बार समझौता कराकर मामला शांत करा दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी जमीन विवाद का है, जिसमें छोटे भाई ने धारदार हथियार से हमला किया। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
Comments
Post a Comment