आरपीएफ की सतर्कता से मोबाइल चोर गिरफ्तार, चोरी के दो स्मार्टफोन बरामद

बक्सर लाईव। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बक्सर की टीम ने ऑपरेशन “यात्री सुरक्षा” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी के दो महंगे स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार (22 अप्रैल 2026) की रात आरपीएफ पोस्ट बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के निर्देशन में स्टेशन परिसर में सघन निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सहायक उप निरीक्षक उमेश कुमार राय, आरक्षी दीपक कुमार एवं आरक्षी करण सिंह प्लेटफार्म संख्या 2/3 पर गश्त कर रहे थे।गश्ती के दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया, जो बल सदस्यों को देखते ही भागने का प्रयास करने लगा। तत्परता दिखाते हुए जवानों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम माझिल शाह, पिता मोहन शाह, निवासी केशोपुर थाना सिमरी (बक्सर) बताया।तलाशी के दौरान उसके पास से दो महंगे स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए गए। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ये मोबाइल फोन रात में ही ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों से चोरी किए हैं।

इसके बाद आरपीएफ टीम ने आरोपी को जब्त सामानों के साथ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए जीआरपी थाना बक्सर को सुपुर्द कर दिया।

आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों के सामानों की चोरी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments